
अनुज गौतम/सागर. मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथौन ब्लॉक में अंतिम छोर से लगे गांव के पास अति प्राचीन हनुमान जी महाराज का मंदिर है. इन्हें अमझरा सरकार के नाम से जाना जाता है. एमपी-यूपी के बॉर्डर पर यह सिद्ध मंदिर है, जहां पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु हनुमान जी महाराज के दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं. मान्यता है कि लगभग 200 साल पहले हनुमान जी ने रात में एक व्यक्ति को सपना दिया कि जंगल में उनकी प्रतिमा मिट्टी में दबी हुई है. अब उनके जमीन से बाहर आने का वक्त आ गया है. नींद टूटते ही व्यक्ति ज्योतिषाचार्य के पास पहुंचा और उन्हें अपने सपने के बारे में बताया. इसके बाद उस जगह पर खुदाई करवाई गई तो वहां से करीब आठ फीट की हनुमान जी की अद्भुत और दिव्य प्रतिमा निकली, जिसे आज अमझरा सरकार के नाम से जाना जाता है.
इस मंदिर में हनुमान जी महाराज की स्थापना को लेकर हरेंद्र सिंह बुंदेला बताते हैं कि उनकी पांच पीढ़ी पहले पूर्वजों को हनुमान जी महाराज ने सपने में दर्शन दिए थे और पुख नक्षत्र में यहां खुदाई करवाई तो महाराज विराजमान दिखे. इसके बाद यहां रोज पूजा-अर्चना होने लगी.
वर्ष 1940 में यहां मंदिर का निर्माण कराया गया. अब हाइवे निकलने की वजह से लोगों को आवागमन में सुविधा होने लगी है. सागर, ललितपुर सहित इस नेशनल हाइवे से जो भी व्यक्ति गुजरता है, वो अमझरा सरकार के दर्शनों के लिए जरूर आता है.
मंदिर के पुजारी बताते हैं कि इस मंदिर में आने वाले सभी भक्तों की मुराद पूरी होती है. हनुमान जी महाराज के दर्शन करने से हर व्यक्ति की मनोकामना पूर्ण होती है. मान्यता है कि जिस किसी की भी मनोकामना पूर्ण होती है तो वो यहां पर झंडा और घंटा चढ़ाता है.
.
Tags: Hanuman mandir, Hanuman Temple, Mp news, Religion 18, Sagar news
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 09:22 IST