
रिपोर्ट: सुनील रजक
शिवपुरी: माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड परीक्षा का गुरुवार को जब परिणाम घोषित हुआ तो उसमें हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 सूची में शिवपुरी के निखिल जाटव ने दसवां स्थान प्राप्त किया. निखिल के पिता बृजेश जाटव मैकेनिक हैं और किराए की दुकान में गाड़ी मरम्मत का काम करते हैं. इस तंगहाली के बीच उन्होंने अपने बच्चों की पढ़ाई में कभी व्यवधान नहीं आने दिया. शिवपुरी शहर में कमलागंज निवासी बृजेश जाटव की किराए की एक छोटी सी दोपहिया वाहन मरम्मत करने की दुकान है, जहां पूरे दिन मेहनत करके दो-तीन सौ रुपए कमाते हैं. इसी से परिवार का खर्च भी चलता है और दुकान का किराया भी दिया जाता है.
ऐसे में बृजेश ने तंगहाली के बीच भी बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह का समझौता नहीं किया. बृजेश ने अपने खर्चों में कटौती करके बच्चों को शिक्षा भारती बाल निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाया.उनके दो बच्चों ने तो 12वीं के बाद कॉलेज की पढ़ाई शुरू कर दी, जबकि सबसे छोटे बेटे निखिल ने भी इस बार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-टेन सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है. बृजेश के बड़े बेटे प्रियांशु ने भी वर्ष 2020 में हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश की टॉप टेन सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया था.
मुश्किलों के बीच पढ़ा रहे पापा
छात्र निखिल ने बताया कि पापा ने अपनी छोटी सी दुकान के सहारे हम भाई-बहन को पढ़ाने में कोई कसर नहीं रखी. कभी किताब या गाइड की जरूरत होती तो कुछ दिन इंतजार के बाद पापा दिलवा देते थे. हम जानते हैं कि वो मुश्किल के बीच हमें पढ़ा पा रहे हैं.
पढ़ाना चाहता हूं, लेकिन तंगहाली में कमजोर
मैकेनिक की दुकान चलाने वाले बृजेश जाटव ने बताया कि मेरे तीनों बच्चे पढ़ने में बहुत होशियार हैं, लेकिन मैं उन्हें पढ़ाने में कमजोर पड़ रहा हूं. आमदनी उतनी है नहीं, जितना कमाता हूं उतने में मुश्किल से ही परिवार का खर्च चलता है.
.
Tags: 10th Board result, Mp news, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 10:21 IST