Home सिवनीं न्यूज़ सिवनी सेंट्रल जेल में बड़ी सुरक्षा चूक

सिवनी सेंट्रल जेल में बड़ी सुरक्षा चूक

0
सिवनी सेंट्रल जेल में बड़ी सुरक्षा चूक

दीवार फांदकर फरार हुए दुष्कर्म के तीन कैदी, पुलिस महकमे में हड़कंप

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और मुस्तैदी पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। जिले की हाई-प्रोफाइल मानी जाने वाली सेंट्रल जेल की अभेद्य दीवारों में सेंध लगाकर तीन शातिर कैदी फरार हो गए हैं। ये तीनों कैदी दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद थे। इस जेल ब्रेक की घटना के बाद से पूरे प्रदेश के पुलिस महकमे और जेल विभाग में हड़कंप मच गया है।

अभेद्य किले में सुराख कर सिस्टम की कलई खोलने वाले अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में दिया घटना को अंजाम

जानकारी के अनुसार, कैदियों के भागने का तरीका किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं था। बताया जा रहा है कि कैदियों ने सबसे पहले जेल परिसर के भीतर आपस मे झगड़ा किया उसके बाद इलाज कराने परिसर में स्थित अस्पताल में पहुंचे उसके बाद नज़र बचाकर अस्पताल की छोटी दीवार का सहारा लिया और अस्पताल की दीवार फांदने के बाद, वे मुख्य सुरक्षा घेरे यानी जेल की विशाल बाहरी दीवार पर चढ़ने में कामयाब रहे, सुरक्षाकर्मियों की आंखों में धूल झोंकते हुए तीनों ने ऊंची दीवार से बाहर छलांग लगा दी और अंधेरे का फायदा उठाकर चंपत हो गए।जब शाम को लाकप बंद कर बैरख में कैदियों की गिनती की गई तो 3 कैदी कम मिले तब जाकर जेल प्रसाशन को पता चला कि कैदी फरार हो गए हैं इसके बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया।

कौन है भगोड़े अपराधी ?

फरार हुए तीनों कैदी गंभीर धाराओं के तहत जेल में बंद थे। उनकी पहचान अंकित, पिता श्रीवाल (निवासी- लखनवाड़ा क्षेत्र),विशाल, पिता ब्रह्मानंद (निवासी- लखनवाड़ा क्षेत्र), विशाल, पिता चिद्दीलाल (निवासी- लखनादौन क्षेत्र) बताई जा रही है, सूत्रों के मुताबिक, इनमें से दो कैदी लखनवाड़ा और एक कैदी लखनादौन इलाके का रहने वाला है। तीनों ही बलात्कार के मामलों में जेल में बंद थे।

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल

इस घटना ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है,सवाल यह उठ रहा है कि जब जेल में चौबीसों घंटे पहरा रहता है, तो कैदी अस्पताल की दीवार तक कैसे पहुंचे?मुख्य दीवार पर चढ़ते समय क्या किसी प्रहरी की नजर उन पर नहीं पड़ी?क्या जेल के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे थे? क्या इस फरार मामले में किसी अंदरूनी मिलीभगत की संभावना है?

सड़को पर उतरी खाकी,लगाई नाकाबंदी,जंगलो में पसीना बहा रही वर्दी

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया, पुलिस का भारी बल मौके पर पहुंच गया जिले के सभी निकास मार्गों पर सघन नाकाबंदी कर दी गई है, लखनवाड़ा और लखनादौन सहित कैदियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जंगलों और ग्रामीण इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। ड्यूटी पर तैनात प्रहरियों और जेल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि इस मामले में बड़ी लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर जल्द ही बड़ी कार्यवाही हो सकती है।

जनता से की गई अपील

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इन हुलिए के संदिग्ध व्यक्ति कहीं दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। दुष्कर्म के कैदियों का खुले में घूमना समाज और सुरक्षा की दृष्टि से एक बड़ा खतरा बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here